आज आएगा कल आएगा.. कह कर थकते हैं कर्मचारी..
2 किलोमीटर दूर गाड़ी में पानी लाने को मजबूर..AAS 24newsपडोह,8 जून
बालकराम..
इन दिनों आसमान से धूप रूपी आग बरस रही है। लोगों का जीना दूभर हो गया है। इस आग से बचने के लिए केवल और केवल पानी ही आवश्यक है। वह भी ना मिले तो मानव जीवन कैसे संभव हो सकता है। सोचने मात्र से रोंगटे खड़े हो जाते हैं। तो जिन पर बीत रही है उनके क्या हाल होंगे। आप अंदाजा लगा सकते हैं। घटना पंडोह पंचायत के सकरानी वार्ड के गांव अर्की की है। जहां पिछले 10 दिनों से पीने को पानी नहीं मिल रहा है। लोग बहुत परेशान है अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए 3 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। पीने के लिए पानी 2 किलोमीटर दूर प्राकृतिक स्रोत से निजी वाहनों या टैक्सी के माध्यम से पानी ढोया जा रहा है।
इस गांव के 10 परिवारों के नल पिछले 10 दिनों से सूखे पड़े हैं। जबकि 5 घरों में कम ही सही मगर पानी आ रहा है। तो सवाल जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों की लापरवाह कारगुजारी पर खड़ा होता है। जब 5 घरों में पानी है तो 10 घरों में पानी क्यों नहीं। सनद रहे कि इन 10 घरों में ग्राम पंचायत पंडोह की प्रधान का भी घर शामील है। प्रधान गीता देवी ने बताया कि उन्होंने स्वयं जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता को पानी की समस्या के बारे में 3 दिन पूर्व जानकारी दी मगर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई जो चिंतनीय है। पिडित पूर्ण चंद,झाबे राम,गुलाब सिंह,बालक राम, चित्र देव ने बताया कि वे जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों को अधिकारियों को कई बार समस्या के समाधान की गुहार लगा चुके हैं मगर अब अब तक ना तो कनिष्ठ अभियंता मौका पर पहुंच पाए और ना ही उन्हें पानी उपलब्ध हो पाया है। जबकि यह सभी जल शक्ति विभाग को पानी का बिल अदा करते हैं। इन सभी उपभोक्ताओं ने जल शक्ति विभाग के आला अधिकारियों से जल्द पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में कनिष्ठ अभियंता जितेन्द्र ने बताया कि उन्हें कोई शिक़ायत नहीं मिली है। पानी की सप्लाई सुचारू है। फ़िर भी लाईन चैक की जायेगी।