हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी-2026 के अवसर पर राज देवता श्री माधोराय जी की अगवानी में निकाली गई मध्य जलेब में शामिल हुए। उन्होंने श्री राज माधो राय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मध्य जलेब के दौरान शहर का वातावरण श्रद्धा, आस्था और उल्लास से परिपूर्ण रहा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि, देव परंपराओं की झलक और सैंकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
मेला मैदान पड्डल में आयोजित  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। चाहे मंडी की शिवरात्रि हो, कुल्लू का दशहरा, चंबा का मिंजर या रामपुर की लवी, हमारा प्रदेश देवी-देवताओं की आस्था से ओत-प्रोत है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में उन्हें पहली बार आने का अवसर मिला है और यह अनुभव अविस्मरणीय है। विशेषतौर पर सदियों से चली आ रही लोक पंरपराओं का संरक्षण एवं संवर्द्धन यहां पीढ़ी दर पीढ़ी किया जाता रहा है और आज भी लोक देवताओं के साथ युवाओं की भारी संख्या में उपस्थिति इसे सार्थक सिद्ध कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति एवं लोक आस्था यूं ही अनवरत आगे बढ़ती रहेगी।  
उन्होंने कहा कि कोई भी देश अपनी संस्कृति के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में से एक है और यहां के गांव अन्य राज्यों की तुलना में अधिक विकसित हैं। इसके पीछे प्रदेश के सशक्त नेतृत्व और जनता की सजगता का विशेष योगदान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश वर्तमान में गंभीर आर्थिक परिस्थितियों से गुजर रहा है, फिर भी हिमाचल के गांवों का विकास स्तर अत्यंत सराहनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और केरल जैसे अग्रणी राज्य की बराबरी की है। यदि गांवों की इस सशक्त तस्वीर को कमजोर करने का कोई प्रयास करेगा तो प्रदेश की जागरूक जनता इसकी अनुमति नहीं देगी, क्योंकि आज की पीढ़ी अपने अधिकारों, संस्कृति और धरोहर के प्रति सजग है। उन्होंने देवी-देवताओं से सभी पर आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मंडी नगर की स्थापना के 500वें प्रवेश वर्ष के उपलक्ष्य में मेला आयोजन समिति के सहयोग से भारतीय डाक विभाग द्वारा तैयार विशेष कवर का अनावरण भी किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मंडी व चंबा का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। आधुनिक मंडी नगर जहां स्थापना के पांच सौवें वर्ष में प्रवेश कर गया है, वहीं चंबा शहर लगभग 1100 वर्षों से अपनी विरासत को संजोए है।
कार्यक्रम के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने मेला मैदान में लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का यह सशक्त माध्यम है।
इससे पहले शिवरात्रि आम सभा के अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। मेला समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी का स्वागत किया और महोत्सव की विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला की ओर से प्रायोजित राजस्थान, उत्तराखंड एवं पंजाब के सांस्कृतिक दलों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, अध्यक्ष हि.प्र. अजा एवं जजा विकास निगम लाल सिंह कौशल, उपाध्यक्ष राज्य जल प्रबंधन बोर्ड शशि शर्मा, अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति मंडी संजीव गुलेरिया, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी चंपा ठाकुर, महापौर नगर निगम मंडी विरेन्द्र भट्ट, नरेश चौहान, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार, सर्वदेवता समिति एवं देव समाज के प्रतिनिधिगण, पार्षदगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *