गोहर उपमंडल की नेहरा पंचायत के गणई गांव की बेटी मुस्कान, पुत्री संजीव कुमार व माता आशा कुमारी ने प्रतिष्ठित यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मुस्कान ने अपनी प्रारंभिक कानून की पढ़ाई बीएएलएलबी (BALLB) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पूरी की, जबकि एलएलएम (LLM) नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) घंडल, शिमला से किया। कड़े परिश्रम और निरंतर अध्ययन के बल पर मुस्कान ने असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता प्राप्त कर ली है।
AAS Group Chairman लीलाधर चौहान ने बेटी मुस्कान तथा पिता संजीव कुमार तथा दादा कमल देव चौहान को बधाई दी है।
चौहान ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि इस बेटी का हुनर तथा सपने बचपन से ही अलग थे जो आने वाले समय में समाज को सही दिशा देने का काम करेगी।
उल्लेखनीय है कि इंडस ग्लोबल स्कूल मंडी में पढ़ाई के दौरान आयोजित एक शिविर में मंडी कोर्ट से आई एक न्यायाधीश के विचारों से प्रेरित होकर मुस्कान ने कानून को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया। तभी से उन्होंने कानून की पढ़ाई को अपना आदर्श मानते हुए निरंतर मेहनत जारी रखी।
लॉ में मास्टर डिग्री प्राप्त करने के बाद मुस्कान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं और अपने पहले ही प्रयास में यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अब मुस्कान नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) या अन्य प्रतिष्ठित संस्थान से लॉ विषय में पीएचडी करेगी और शिक्षण व शोध के क्षेत्र में अपना योगदान देने का लक्ष्य रखती है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
