उपायुक्त ने की पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मंडी जिला इकाई की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मंडी जिला में पेंशनर्स की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। पेंशनर्स हमारे वरिष्ठ नागरिक हैं और हमारा प्रयास है कि इन्हें कोई समस्या न हो, इसके लिए जिला के सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वे आज उपायुक्त कार्यालय सभागार मंडी में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मंडी जिला इकाई की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं का बिना किसी देरी के समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल रोड स्थित पेंशनर्स भवन की जमीन की लीज अवधि बढ़ाने के संबंध में राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। फिर भी अगर किसी विभाग के चिकित्सा बिल किसी कारणवश लंबित हैं तो सम्बन्धित अधिकारी उसके लिए सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार अपने विभाग से बजट लेकर उनका शीघ्र भुगतान करें।
पेंशनर्स की मांग पर उपायुक्त ने कहा कि सभी उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोहों में पेंशनरों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उपमंडल स्तर पर पेंशनरों की बैठकों के लिए स्थान उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी डिपुओं में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। मंडी शहर में ऑटो किराया सूची विभिन्न स्थानों पर प्रकाशित की जाएगी तथा ऑटो में भी किराए की सूची लगवाने के निर्देश क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची बनाने तथा चेकअप करवाने के लिए अलग से प्रबंध करने के स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि पेंशनर्स तथा वरिष्ठ नागरिकों के राजस्व विभाग से संबंधित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा।
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश, मंडी के जिला प्रधान हरीश शर्मा ने उपायुक्त का स्वागत किया और बैठक आयोजित करने के लिए उनका धन्यवाद किया। मंडी जिला के महासचिव रोशन लाल कपूर ने सात सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, आयुक्त नगर निगम मंडी रोहित राठौर, सहायक आयुक्त कुलदीप पटियाल, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार तथा जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा सहित पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश, मंडी के जिला प्रधान हरीश शर्मा, मंडी जिला के महासचिव रोशन लाल कपूर, मंडी जिला आजीवन संरक्षक डॉ. के.सी. मल्होत्रा, प्रदेश मीडिया प्रमुख एवं कोऑर्डिनेटर कुलदीप गुलेरिया, जिला मंडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जे.सी. चंदेल, राज्य पदाधिकारी रेवती राम शर्मा, कुमारी देव चंदेल, सूरज ठाकुर, एन.आर. चौधरी, कृष्ण चंद चौहान, कुलदीप शर्मा, दयानंद शर्मा, कृष्ण चंद ठाकुर, संगठन सचिव जय गोपाल शर्मा, नागेंद्र कपूर, रामचंद्र चौहान, हेतराम ठाकुर, यशवंत सिंह ठाकुर, बेगा राम, दिलेराम, चमन ठाकुर, उत्तम सिंह ठाकुर, ठाकुर सिंह वर्मा, जोगिंदर वर्मा, बालक राम शर्मा, बुद्धि सिंह ठाकुर सहित अनेक जिला एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
-0-
