हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला अंतर्गत कोटली तहसील की ग्राम पंचायत सेहली में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के डसने से दो सगे मासूम भाई-बहन की जान चली गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और 6 वर्षीय नक्ष के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

रात को सोते समय बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार, 11 सितंबर की शाम दोनों बच्चे घर में सामान्य रूप से खेल रहे थे। खाना खाने और टीवी देखने के बाद रात करीब 9:30 बजे दोनों सोने चले गए। 12 सितंबर की तड़के करीब 2:30 बजे बेटी काव्या ने पेट दर्द की शिकायत की। कुछ देर बाद बेटे नक्ष को भी पेट में दर्द होने लगा। परिजनों ने शुरुआत में ठंड या अपच समझकर पेट की सिकाई की, लेकिन लगभग आधे घंटे बाद काव्या को उल्टियां होने लगीं और नक्ष की हालत भी बिगड़ने लगी।

घर के दरवाजे के पास दिखा सांप

इसी दौरान परिजनों की नजर घर के दरवाजे के पास रेंग रहे एक बड़े काले सांप पर पड़ी, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजनों को बच्चों को सांप द्वारा काटे जाने की आशंका हुई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

परिजन दोनों बच्चों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक स्थिति को देखते हुए उन्हें लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक रेफर कर दिया गया। 12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे जब परिजन बच्चों को लेकर नेरचौक पहुंचे, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच जारी

अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और शवों का पंचनामा किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्चों की मौत का कारण सांप का जहर बताया गया है। पुलिस ने आवश्यक सैंपल जांच के लिए सुरक्षित रख लिए हैं। परिजनों द्वारा किसी अन्य तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। मामले में BNSS की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *