सराज क्षेत्र की सबसे पुरानी शिक्षण संस्था राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष ठाकुर देवेंद्र सिंह ने की, जबकि खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी इंद्र भारद्वाज, सेवानिवृत्त महालेखाकार राजेंद्र सिंह ठाकुर और मुख्य अध्यापिका जमुना राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य मनी राम ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल के गौरवशाली इतिहास (स्थापना 1943, वरिष्ठ माध्यमिक स्तरोन्नत 1986) पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ठाकुर जयराम ठाकुर भी इसी संस्थान के छात्र रहे हैं। इस वर्ष भी स्कूल के तीन विद्यार्थियों ने राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
समारोह के दौरान वर्ष भर पढ़ाई और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को पुरस्कृत किया गया। नर्सरी से जमा दो तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिसमें हर्षु, कशिश, पलक और ईशानी की प्रस्तुतियों ने खूब वाहवाही लूटी। मंच संचालन प्रवक्ता भीम सिंह ठाकुर ने किया और अंत में मुख्य अध्यापिका जमुना राणा ने सभी का आभार जताया।
