प्राकृतिक खेती पद्धति को अपनाएं स्वस्थ जीवन पाएं : ठाकर सिंह
जीवामृत, घन जीवामृत और ब्रह्मास्त्र बनाना सिखाया…
देशी गाय पालन करें, रोगमुक्त रहे..
AAS 24newsपडोह,30 सितंबर
बालकराम
सिराज विधानसभा क्षेत्र की पहली ग्राम पंचायत तादी के सावला गांव में दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हो गई। जानकारी देते हुए सावला महिला मंडल की प्रधान गुड्डी देवी ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा आत्मा प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें महिला मंडल के साथ स्थानीय किसानों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि हमें इस कार्यशाला के माध्यम से अत्यधिक महत्वपूर्ण जानकारी खंड तकनीकी अधिकारी गोहर ठाकर सिंह द्वारा दी गई।
सभी किसानों ने इस पद्धति की सराहना करते हुए इससे ना केवल खेती के लिए उपयुक्त बताया अपितु रोगमुक्त खेती और पशुपालन कैसे किया जाए, इसकी जानकारी भी दी गई है।
तकनीकी अधिकारी ठाकर सिंह ने बताया कि प्राकृतिक खेती के माध्यम से हम किसानों और पशुपालकों को पौष्टिक फसल की जानकारी देते हैं। उन्होंने कहा कि हमने इस कार्यशाला में जीवामृत, घना जीवामृत और ब्रह्मास्त्र के साथ अन्य सभी विधियां व्यवहारिक रुप से करते हुए किसानों और पशुपालकों को जागरूक किया है। उन्होंने बताया कि हमें देसी गाय का पालन ही करना चाहिए उसके गोमूत्र के साथ हमारी खेती ही नहीं अपितु शरीर में होने वाली बीमारियों से भी निजात मिल सकती है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि यदि आप सभी बीमारियों से बचना चाहते हैं अपने आप को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो हमें जहर युक्त भोजन प्रयोग में लाना होगा। जिसके लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आत्मनिर्भरता के लिए सार्थक सिद्ध हो रही है। उन्होंने पशुपालकों व किसानों से प्राकृतिक पद्धति से खेती करने का आग्रह किया है।