मजदूरी के पैसे मांगने की रंजिश में हुआ था दंपति पर जानलेवा हमला; पीड़ित ने वीडियो को पुलिस रिकॉर्ड में लेने की उठाई मांग

एसपी मंडी ने गोहर थाना प्रभारी को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश,

डीआईजी ने भी पुलिस-मीडिया तालमेल सुधारने का दिया भरोसा

सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत परवाडा में बीते 9 नवंबर को मजदूर दंपति भूपेंद्र पाल और उनकी पत्नी गीतांजलि पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अब कई अहम खुलासे हुए हैं। बीच बाजार मुख्य सड़क पर हुई इस वारदात की प्रत्यक्षदर्शी रहीं स्थानीय पंचायत प्रधान हंसा ठाकुर खुद गवाही देने के लिए आगे आई हैं। वहीं, घटना का एक वीडियो भी किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किए जाने की बात सामने आई है, जिसे पीड़ित पक्ष ने साक्ष्य के तौर पर पुलिस रिकॉर्ड में शामिल करने की पुरजोर मांग की है।

मजदूरी मांगने पर रची गई थी हमले की साजिश

पंचायत प्रधान हंसा ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित मजदूर भूपेंद्र पाल ने आरोपी महेंद्र सिंह द्वारा मजदूरी के पैसे न दिए जाने को लेकर पूर्व में पंचायत में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस शिकायत के आधार पर आरोपी महेंद्र सिंह को पंचायत में तलब किया गया था। आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए महेंद्र सिंह और उसकी पत्नी कृष्णा देवी ने सोची-समझी साजिश के तहत उस समय दंपति का रास्ता रोककर डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया, जब वे अपने ससुराल जा रहे थे।

भीड़ बनी रही तमाशबीन, प्रधान ने कहा- सच को सच कहूंगी

जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना दिनदहाड़े बीच बाजार मुख्य सड़क पर दर्जनों लोगों की मौजूदगी में घटी। हैरानी की बात यह रही कि भीड़ के सामने ही गरीब मजदूर भूपेंद्र पाल और उनकी पत्नी को बेरहमी से पीटा जाता रहा और लोग तमाशबीन बने रहे। इस हमले में भूपेंद्र का सिर फट गया था, जिस पर सिविल अस्पताल बगस्याड़ में 16 टांके लगाए गए हैं। मौके पर मौजूद रहीं पंचायत प्रधान हंसा ठाकुर ने स्पष्ट कहा है कि वे इस मामले में सच को सच कहेंगी और पुलिस को निष्पक्ष गवाही देने के लिए तैयार हैं। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस अनिवार्य रूप से पंचायत प्रधान के बयान दर्ज करे और वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाए। इस वारदात के बाद से पूरी पंचायत में भय और दहशत का माहौल है।

(गौरतलब है कि थाना गोहर में एफआईआर संख्या 0094/2026 दर्ज होने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने और आरोपी द्वारा उल्टा झूठी शिकायत करवाने तथा जान से मारने की धमकियां देने से परेशान होकर पीड़ित दंपति ने एसपी मंडी से न्याय की गुहार लगाई थी।)

एसएचओ गोहर को कार्रवाई के निर्देश : एसपी मंडी

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी विनोद कुमार ने पुष्टि की है कि घायल पीड़ित भूपेंद्र पाल ने उनसे मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई थी। एसपी ने बताया कि पीड़ित के सिर पर लगी गंभीर चोट और पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी (एसएचओ) गोहर को मामले में त्वरित, उचित एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

पुलिस और पत्रकारों के बीच तालमेल सुधारने का डीआईजी ने दिया आश्वासन

सराज क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली, पत्रकारों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के फोन समय पर न उठाने तथा मामलों से जुड़ी सही जानकारी न मिल पाने की समस्या को लेकर जब डीआईजी मंडी राहुल नाथ से विस्तारपूर्वक बातचीत की गई, तो उन्होंने इस विषय को बेहद गंभीरता से लिया। डीआईजी ने आश्वासन दिया कि जनहित और पारदर्शिता के लिए पुलिस तथा पत्रकारों के बीच बेहतर आपसी तालमेल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में एसपी मंडी को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि संवादहीनता की स्थिति न बने और मीडिया व आमजन को सही समय पर पुख्ता जानकारी मिल सके।

 

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *