उपमंडल थुनाग की उपतहसील बागाचनोगी के जैंशला गांव में बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रिहायशी मकान (स्लेट पोश) में गैस सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरा मकान जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस मकान में कुल 8 कमरे थे, जिनमें दो परिवार अलग-अलग रहते थे। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार नीचे की मंजिल में अमर सिंह तथा जलमू देवी (विधवा परषोतम) तथा पहली मंजिल में तिलक राज तथा देवेन्द्र सिंह (दूनी चन्द), पुत्र परषोतम अपने परिवारों के साथ रहते थे जो अब बेघर हो गए हैं। 

50 लाख रुपये का भारी नुकसान

उपमंडलाधिकारी थुनाग संजीत शर्मा द्वारा मीडिया को जानकारी सांझा की गई है। पटवारी द्वारा तैयार मौका रिपोर्ट के अनुसार, आग में पूरा मकान और घर के भीतर रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया है। इस अग्निकांड से दोनों परिवारों का कुल मिलाकर लगभग 50,000,00/- रुपये (पचास लाख रुपये) का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार उपतहसील बागाचनोगी रमेश कुमार के माध्यम से प्रभावित दो परिवारों को मौके पर ही तात्कालिक आर्थिक सहायता फौरी राहत के रूप में प्रति परिवार 5,000 रुपये नकद राशि प्रदान की गई।

 

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *