हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने अंडरग्रेजुएट (UG) वार्षिक प्रणाली के छात्रों को राहत देते हुए ‘गोल्डन चांस’ (तीसरा अवसर) देने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 22 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, बीए, बीएससी, बीकॉम और शास्त्री (वार्षिक प्रणाली) के वे छात्र जो तय दो अवसरों में अपनी कंपार्टमेंट या री-अपीयर की परीक्षा पास नहीं कर पाए थे, वे अब अक्टूबर 2026 में होने वाली आगामी परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।
10,000 रुपये देनी होगी विशेष फीस
अधिसूचना के मुताबिक, इस विशेष अवसर का लाभ उठाने के लिए छात्रों को 10,000 रुपये विशेष परीक्षा शुल्क चुकाना होगा। इसके अलावा छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल वार्षिक प्रणाली (Annual System) के तहत पंजीकृत छात्रों के लिए ही मान्य होगी।
परीक्षा नियंत्रक को डेटशीट तैयार करने के निर्देश
कुलपति के आदेशानुसार जारी इस अधिसूचना की प्रतियां सभी संबद्ध सरकारी व निजी कॉलेजों के प्राचार्यों को भेज दी गई हैं और इसे नोटिस बोर्ड पर लगाने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक छात्रों तक यह जानकारी पहुंच सके। वहीं, परीक्षा नियंत्रक को आगामी अक्टूबर सत्र की परीक्षाओं के लिए आवश्यक डेटशीट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
