युवा मंडल प्रधान दिनेश सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने की अधिशासी अभियंता प्रकाश भारद्वाज से मुलाकात

 

ग्राम पंचायत बहल बलिधार के बन्याड गांव में जल शक्ति (आईपीएच) विभाग की त्वरित कार्यप्रणाली की बदौलत महज 15 दिनों के रिकॉर्ड समय में पेयजल टैंक का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य के इतनी तेजी से संपन्न होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

इस उपलक्ष्य में युवा मंडल प्रधान दिनेश सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) प्रकाश भारद्वाज से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कम समय में टैंक का निर्माण करवाने के लिए अधिशासी अभियंता सहित विभाग के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर महज पंद्रह दिनों में पूरा कर मिसाल पेश की है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुलाकात के दौरान अधिशासी अभियंता प्रकाश भारद्वाज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि तकनीकी व आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के तुरंत बाद इस नवनिर्मित पेयजल टैंक को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।

इस दौरान ग्रामीणों ने जनहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से समाचार पत्रों में प्रकाशित कर प्रशासन व विभाग के संज्ञान में लाने के लिए स्थानीय मीडिया व समाचार प्रतिनिधियों का भी विशेष धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विभाग इसी तत्परता के साथ क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान करता रहेगा।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *