विकास खंड सराज की ग्राम पंचायत लेहथाच के गुनास में वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा व भूमि सुधार के नाम पर सरकारी धन के गबन के आरोपों पर प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी बलदेव ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गंभीर जांच की जाएगी तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
BDO के निर्देश पर मनरेगा के कनिष्ठ अभियंता (JE) मयूर ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद JE ने बताया कि मामला मुख्य रूप से राजस्व विभाग से जुड़ा हुआ है, फिर भी वे अपनी तकनीकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे।
अवैध भूमि पर धन लगाने और फर्जीवाड़े के आरोप
‘बाला टीका युवक मण्डल गुनास’ के प्रधान लीला राम का आरोप है कि नियमों के विपरीत शपथ पत्र (Affidavit) की अनदेखी कर गैर-मालकाना व अवैध भूमि पर सरकारी धन खपाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और पटवारी की कथित मिलीभगत से बिना नुकसान के भी चहेतों के निजी आंगन चौड़े करवाए गए।
₹10 लाख के स्वीकृत एंबुलेंस मार्ग पर विवाद
शिकायत के अनुसार, जिस 20 वर्ष पुराने एंबुलेंस मार्ग को आबादी देह में अवैध डंगा लगाकर बंद किया गया है, उसे पक्का करने के लिए मनरेगा के तहत ₹10 लाख का बजट स्वीकृत है। रास्ता रुकने से अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों की आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। शिकायतकर्ता ने उपायुक्त मंडी, मुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री को पत्र भेजकर FIR दर्ज करने, सरकारी धन की रिकवरी करने और एंबुलेंस मार्ग बहाल करवाने की मांग की है।
