मुख्यमंत्री ने अग्निशमन चौकी नेरवा का किया वर्चुअल लोकार्पण

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा जिला शिमला के नेरवा में नवस्थापित अग्निशमन चौकी का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अग्निशमन चौकी केवल आग लगने की घटनाओं से निपटने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारी बारिश, भूस्खलन और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन चौकी से नेरवा क्षेत्र के लगभग 55 हजार लोगों को लाभ मिलेगा और यहां पर दो गाड़ियां जल्द ही उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि आग लगने की घटना में क्षेत्र के पारंपरिक लकड़ी के मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमूल्य सेब बगीचों को समय रहते सुरक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पहले नेरवा क्षेत्र में आग लगने अथवा अन्य आपदाओं की घटनाओं पर चौपाल, देहा, ठियोग और शिमला से अग्निशमन वाहन भेजने पड़ते थे, जिनको घटनास्थल तक पहुंचने में कई घंटे लग जाते थे। अब स्थानीय अग्निशमन चौकी स्थापित होने से आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अग्निशमन चौकी नेरवा के सुचारू संचालन के लिए 17 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा दो नए अग्निशमन वाहन भी स्वीकृत किए गए हैं तथा विभाग द्वारा एक वाटर टेंडर टाइप-बी आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वाहन की खरीद पर 59 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। नेरवा में अग्निशमन चौकी की स्थापना से क्षेत्र की आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ गांवों में रहने वाले लोगों को उनके घर-द्वार के समीप शहर जैसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मिल्क प्लांट स्थापित करने के लिए राज्य सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाएगी, जिसके लिए एफसीए की अनुमति प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चौपाल मिनी सचिवालय के लिए दो करोड़ रुपये तथा नेरवा और कुपवी मिनी सचिवालयों के लिए दो-दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इस अवसर पर नेरवा में उपस्थित कांग्रेस नेता रजनीश किमटा ने अग्निशमन चौकी के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है और इस चौकी से नेरवा के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में चौपाल विधानसभा क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य हुए हैं, जिनका लाभ क्षेत्रवासियों को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चौपाल विधानसभा क्षेत्र का प्रवास करने का निमंत्रण भी दिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, डीजी (होमगार्ड) सतवंत अटवाल और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *