सराज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की अंतर्कलह एक बार फिर सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। सराज कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश रेड्डी तथा पूर्व प्रत्याशी एवं वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर के बीच चल रही सियासी रार के चलते संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ता खुद को भारी असमंजस और निराशा में पा रहे हैं।

जंजैहली में दोनों गुटों द्वारा समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए गए

चेतराम ठाकुर गुट का कार्यक्रम : गणेश चौहान को सराज कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का नवनियुक्त अध्यक्ष बताते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान और जिला मंडी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष करमचंद भाटिया विशेष रूप से मौजूद रहे।

जगदीश रेड्डी गुट का कार्यक्रम : ब्लॉक अध्यक्ष समर्थकों ने भाटकीधार पंचायत से संबंध रखने वाले चेतराम को अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष मानकर अलग से कार्यक्रम आयोजित किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो, भाजपा को मिला मौका

दोनों नेताओं के समानांतर कार्यक्रमों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। इस आपसी खींचतान पर जहां स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग चिंता जता रहा है, वहीं भाजपा कार्यकर्ता इस कलह को सोशल मीडिया पर जमकर उछालते हुए तंज कस रहे हैं।

तटस्थ रहे कार्यकर्ता, अनुशासन पर उठे सवाल

पार्टी की गुटबाजी के चलते निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ता किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय घरों में ही रहे, ताकि किसी एक धड़े के पक्षधर होने का ठप्पा न लगे। क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि दोनों नेताओं की इसी आपसी खींचतान के कारण सराज में लंबे समय से कांग्रेस जीत दर्ज नहीं कर पाई है। कार्यकर्ताओं की मांग है कि जब तक प्रदेश नेतृत्व इन नेताओं को अनुशासन का पाठ नहीं पढ़ाता, तब तक सराज में पार्टी संगठन को मजबूत कर पाना मुश्किल होगा।

मंडल अध्यक्ष की तरफ से नहीं आई प्रतिक्रिया

इस पूरे घटनाक्रम और आयोजित कार्यक्रम को लेकर जब सराज कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी से उनका पक्ष जानने के लिए जानकारी मांगी गई, तो उनकी तरफ से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया या जवाब नहीं मिल पाया।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *