सदर महिला कांग्रेस की नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश महासचिव से की शिष्टाचार भेंट, संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा

AAS 24news Mandi

जिला महिला कांग्रेस कमेटी मंडी में सदर विधानसभा क्षेत्र से नवनियुक्त पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों—उपाध्यक्ष गीतांजलि शर्मा, उपाध्यक्ष नर्बदा मोहन तथा ब्लॉक अध्यक्ष (शहरी) रजनी चंद्रा—को नई जिम्मेदारी मिलने पर दीपक शर्मा ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बैठक के दौरान दीपक शर्मा ने कहा कि महिला शक्ति कांग्रेस संगठन की सबसे मजबूत आधारशिला है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी राजनीतिक संगठन को जमीनी स्तर पर प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करें, अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ें और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएं।

दीपक शर्मा ने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिला कांग्रेस की यह अहम जिम्मेदारी है कि वह सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाए, ताकि पात्र महिलाओं को उनका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह पद केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और संगठन के प्रति एक बड़ी जवाबदेही है। वहीं, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊर्जा देने और पार्टी की गतिविधियों को गति देने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विस्तार की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *