मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र की माँथला पंचायत के देवधार गाँव में महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्षा पदमा गुलेरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में नारी शक्ति का भारी उत्साह देखने को मिला।
बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर मुख्य अतिथि, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक शर्मा विशेष अतिथि तथा मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजय कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में पहुँचने पर मुख्य अतिथियों का फूलमालाओं से भव्य स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया।

सशक्तिकरण और अधिकारों पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सुक्खू सरकार महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस से जोड़ने, उन्हें जागरूक करने और नेतृत्व के अवसर देने की आवश्यकता पर बल दिया।

लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका
प्रदेश कांग्रेस महासचिव दीपक शर्मा ने कहा कि राजनीति और समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितैषी नीतियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

योजना पुस्तिका वितरण अभियान की शुरुआत
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित सूचना पुस्तिका वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में चलाया जाएगा, ताकि सरकार के कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँच सके।
जिलाध्यक्ष अंजय कुमारी और ब्लॉक अध्यक्षा पदमा गुलेरिया ने भी अपने संबोधन में संगठनात्मक एकजुटता, जमीनी स्तर पर समस्याओं को उठाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की मजबूती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में द्रंग महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीना चंदेल, जिला महासचिव गीतांजलि शर्मा, मंडी शहरी अध्यक्ष रजनी चंद्रा, रजनी कुमारी, सुनीता, प्रभा देवी, माँथला पंचायत की उपप्रधान डोलमा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

