ग्राम पंचायत बहल वहलीधार के अंतर्गत बन्याड़ क्षेत्र के दो वार्डों में ग्रामीण महिलाओं ने दूध के उचित मूल्य और संकलन वाहन (मिल्क कलेक्शन वैन) की मांग को लेकर बैठक आयोजित की। इस बैठक में युवा मंडल के प्रधान दिनेश सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। महिलाओं ने कहा कि सर्दियों के मौसम में दूध को संकलन केंद्र तक पहुंचाना बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे में क्षेत्र के लिए नियमित दूध संकलन वाहन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की परेशानी से मुक्ति मिल सके और उत्पाद समय पर पहुंच पाए। साथ ही दूध के उचित मूल्य निर्धारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर तय किया गया कि समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रतिनिधिमंडल गठित कर संबंधित विभाग और सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस बैठक में पूर्व महिला मंडल प्रधान चंदी देवी, पूर्व वार्ड सदस्य बेगमा देवी, सावित्री देवी, गंगा देवी, विद्या देवी, ओमा देवी, कमला देवी, कुसुमा देवी, कृष्णा देवी, कौशल्या देवी, प्रीति ठाकुर, जगदम्बा देवी, मैना देवी तथा हिमां देवी सहित कई ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि जब तक दुग्ध उत्पादकों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे।
