भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं वरिष्ठ नेता दीपक शर्मा से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक मजबूती, छात्र राजनीति और युवाओं से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
दीपक शर्मा ने जसवाल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन छात्रहितों की आवाज को और अधिक प्रखरता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति केवल पद या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि संघर्ष, विचारधारा, नेतृत्व निर्माण और जनसेवा की पहली पाठशाला है।
शर्मा ने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और छात्र अधिकारों के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की ऊर्जा और समर्पण के दम पर अनित जसवाल प्रदेश में NSUI को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
