मौत के मुंह से लौटकर बसाया नया संसार: अपनों ने छोड़ा तो ‘अपना घर’ बना सहारा, बुढ़ापे में लिए सात फेरे
दर्द की ठोकरों से सात फेरों तक: कोलकाता की सबीना और सराज के कन्हैया लाल की भावुक कर देने वाली प्रेम कहानी

जिंदगी कभी-कभी इंसान को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा करती है, जहां सिर्फ अंधेरा, अकेलापन और अपनों की बेरुखी नजर आती है। लेकिन जब इंसानियत का हाथ सिर पर आता है, तो मुरझाए हुए चेहरों पर भी रौनक लौट आती है। बिलासपुर जिले के देवली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में हुई 70 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना की शादी महज एक विवाह नहीं, बल्कि दर्द, संघर्ष और पुनर्जन्म की एक ऐसी भावुक दास्तान है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जाती हैं।
जंगल की गुफा में कट रहे थे दिन, शरीर में बचा था मात्र 5 ग्राम खून

मंडी जिले के सराज क्षेत्र की शिकावरी पंचायत के रहने वाले कन्हैया लाल की कहानी बेहद दर्दनाक रही है। वे और उनकी पहली पत्नी लोक निर्माण विभाग (PWD) में बतौर बेलदार कार्यरत थे। दोनों जो कमाते थे, उसे खर्च कर देते थे और नशे के आदी होने के कारण स्थानीय लोगों ने भी उनका खूब फायदा उठाया। 12 वर्ष पहले वे सेवानिवृत्त तो हो गए, लेकिन नियमित न होने के कारण उन्हें सरकारी पेंशन नहीं मिली। इसी बीच पत्नी का देहांत हो गया और कन्हैया लाल बिल्कुल अकेले पड़ गए।

जब पास में कुछ नहीं बचा, तो सगे भाइयों और रिश्तेदारों ने भी मुंह मोड़ लिया। पेट की आग बुझाने के लिए वे घर-घर जाकर लोहे का छोटा-मोटा काम करते और अक्सर सड़कों पर नशे की हालत में मिलते। हालात इतने बदतर हो गए कि वे जंगल की एक गुफा में रहने को मजबूर हो गए। वर्ष 2022 में जब मानव सेवा ट्रस्ट की टीम ने उन्हें रेस्क्यू किया, तो वे मौत के मुहाने पर थे। उनके शरीर में मात्र 5 से 6 ग्राम खून बचा था। आश्रम के संचालक एवं अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल के अथक प्रयासों और इलाज से कन्हैया लाल को नया जीवन मिला।

कोलकाता से भटककर शिमला पहुंची थीं सबीना, वजन रह गया था मात्र 40 किलो दूसरी तरफ, 63 वर्षीय सबीना की कहानी भी आंसुओं से भरी है। करीब तीन वर्ष पहले वह ट्रेन से कोलकाता से शिमला पहुंची थीं। मानसिक रूप से परेशान सबीना शिमला की सड़कों और गलियों में बेसुध घूमती नजर आती थीं। अकेलेपन में दर-दर की ठोकरें खा रही सबीना को जब कोई लेने नहीं पहुंचा, तो शिमला पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा भेज दिया।
फरवरी 2025 में सबीना को बिलासपुर के देवली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम लाया गया। उस समय वह बेहद कमजोर और दुबली-पतली थीं, उनका वजन मात्र 40 किलो रह गया था। लेकिन आश्रम में मिले अपनत्व, समय पर भोजन और बेहतर देखभाल ने जादू सा असर किया। करीब डेढ़ वर्ष में न केवल उनकी सेहत सुधरी, बल्कि मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य हो गई और उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।

आश्रम में जुड़ा दिलों का रिश्ता, प्रकाश चंद बंसल बने मसीहा ‘अपना घर’ की छत के नीचे जब दो टूटे हुए दिल मिले, तो उन्होंने एक-दूसरे का दर्द समझा। जीवन की सांझ में एक-दूसरे का सहारा बनने के लिए कन्हैया लाल और सबीना ने शादी करने का फैसला किया। मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष, आश्रम संचालक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने दोनों के इस फैसले को न केवल सराहा, बल्कि खुद पिता और अभिभावक की भूमिका निभाते हुए पूरे रीति-रिवाज से उनका विवाह संपन्न करवाया।

आज सराज के कन्हैया लाल और कोलकाता की सबीना एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत कर चुके हैं। यह अनूठी शादी इस बात का प्रमाण है कि जब अपने साथ छोड़ देते हैं, तब भी समाज में मानवता जिंदा है, जो उजड़ी हुई जिंदगियों को फिर से बसा सकती है।
बुजुर्गों की जिंदगी में भी खुशियों का हक: उपायुक्त किरण भड़ाना
आश्रम की छत के नीचे जब दो टूटे हुए दिल मिले, तो उन्होंने जीवन की सांझ में एक-दूसरे का सहारा बनने का फैसला किया। मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष, आश्रम संचालक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए पूरे रीति-रिवाज से उनका विवाह करवाया।

समारोह में पहुंचीं जिला उपायुक्त किरण भड़ाना ने नवदंपति को शगुन व शुभकामनाएं देते हुए आश्रम संचालक प्रकाश चंद, ट्रस्ट के सदस्यों, वेलफेयर विभाग और बिलासपुर की जनता को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर समाज में धारणा रहती है कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को केवल देखभाल और दवाइयों की जरूरत होती है, लेकिन ‘अपना घर’ ने इस सोच को बदलने का उदाहरण पेश किया है। जिंदगी हर किसी को दूसरा मौका देती है और बुजुर्ग होने का मतलब यह नहीं कि उनकी जरूरतें और खुशियां समाप्त हो गई हैं। हर व्यक्ति को सम्मान, अपनापन और खुशियों के साथ जीवन जीने का अधिकार है।

