सराज क्षेत्र के लांबाथाच महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई ने सराज विधायक के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान परिषद ने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा हाल ही में की गई फीस वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लेने और छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग उठाई।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि 12 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक की फीस वृद्धि ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्य में अधिकांश परिवार कृषि और सीमित आय पर निर्भर हैं, ऐसे में शिक्षा पर बढ़ता आर्थिक बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी समस्या बन रहा है। परिषद का मानना है कि यदि इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया, तो कई विद्यार्थी आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।
परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा हर विद्यार्थी का मौलिक अधिकार है और आर्थिक स्थिति इसके बीच बाधा नहीं बननी चाहिए। इसके साथ ही एबीवीपी ने प्रदेश में छात्र संघ चुनावों की बहाली को भी जरूरी बताया, ताकि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिल सके।
एबीवीपी ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो परिषद प्रदेशभर में चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी।
