उपमंडल थुनाग के अंतर्गत लेहगला और गुनास व आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता गहराने लगी है। ग्राम पंचायत लेहथाच की नशा निवारण समिति ने उपमंडल अधिकारी (नागरिक) थुनाग को पत्र सौंपकर इन दोनों स्थानों पर नशेड़ियों और जुआरियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा नियमित पुलिस गश्त लगवाने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष लीलाधर चौहान ने मीडिया को जानकारी सांझा करते हुए बताया कि नशा निवारण समिति ग्राम पंचयत लेहथाच की तरफ से योगराज तथा अन्य साथी 16 सितंबर को उपमंडल अधिकारी थुनाग ज्ञापन देने पहुंचे थे ।
लीलाधर चौहान ने बताया कि उन्होंने एक ईमेल पर मंडल अधिकारी को पत्र भी लिखा है । उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से लेहगला और गुनास में कुछ असामाजिक तत्व एकांत का अनुचित लाभ उठा रहे हैं। यहां खुलेआम नशे का सेवन किया जा रहा है और ताश के पत्तों पर जुआ खेला जा रहा है, जिससे समूचे क्षेत्र का शांतिपूर्ण वातावरण दूषित हो रहा है।

महिलाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर असर
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि इन अवांछित गतिविधियों के चलते खासकर दोपहर बाद और शाम के समय महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं का यहां से गुजरना असुरक्षित हो गया है। खुले में चल रही इन गतिविधियों से स्थानीय युवा पीढ़ी के भी गलत राह पर भटकने का गहरा संकट मंडरा रहा है।
पुलिस गश्त तेज करने की मांग
नशा निवारण समिति ने मांग की है कि युवाओं के भविष्य और जनहित को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन को इन चिन्हित स्थानों पर औचक और नियमित गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश जारी किए जाएं। इस संदर्भ में एक प्रतिलिपि थाना प्रभारी जंजैहली को भी प्रेषित की गई है, ताकि समय रहते इन गतिविधियों पर नकेल कसी जा सके और आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हो सके।
एसडीएम थुनाग ने दिया सकारात्मक आश्वासन

मामले को लेकर एसडीएम थुनाग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि नशे व असामाजिक गतिविधियों के खात्मे के लिए प्रशासन और जनता मिलकर काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
