सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भाटकीधार के राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुलथनी (शिक्षा खंड सराज-प्रथम) में ड्यूटी के दौरान शिक्षक पर हुए खूनी हमले के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच अधिकारी (IO) की कथित सुस्ती और अनदेखी से आहत पीड़ित शिक्षक डोले राम ने पुलिस अधीक्षक (SP) मंडी को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और IO को तत्काल बदलने की मांग की है।

पीड़ित शिक्षक के अनुसार, 30 अक्टूबर को स्कूल कार्यालय में कार्य के दौरान कुलथनी निवासी बॉबी भारद्वाज ने उन्हें बहाने से बाहर बुलाकर जातीय रंजिश के चलते धारदार वस्तु से सिर पर जानलेवा वार कर दिया। शिक्षक का आरोप है कि घटना के कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने न तो अस्पताल से एमएलसी संकलित की और न ही मौके पर मौजूद चश्मदीद शिक्षक यशपाल शर्मा के विधिवत बयान लिखे, जिसके चलते आरोपी खुलेआम घूमकर समझौते का दबाव बना रहा है।

सराज शिक्षक संघ अध्यक्ष मनीष ठाकुर बोले—CM व शिक्षामंत्री को भेजेंगे शिकायत:
प्राथमिक शिक्षक संघ सराज के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लचर कार्रवाई के विरोध में उपमंडल अधिकारी (SDM) के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री को औपचारिक शिकायत पत्र भेजा जा रहा है, ताकि मामले में कड़ा संज्ञान लिया जा सके।
जिलाध्यक्ष बाबूराम कोंडल करेंगे SP से मुलाकात:
जिला प्राथमिक शिक्षक संघ मंडी के अध्यक्ष बाबूराम कोंडल ने भी वारदात की घोर निंदा करते हुए कहा कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली बर्दाश्त नहीं होगी। वे शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एसपी मंडी से मिलकर निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा का पक्ष:
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुनील ठाकुर ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि मामले की जानकारी मिली है। खंड या शिक्षक स्तर से औपचारिक लिखित शिकायत मिलते ही विभागीय स्तर पर भी जांच करवाकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
