शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में रसोई गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह शाहपुर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक आयोजित की।

बैठक में विधायक ने कहा कि उन्हें विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे विशेष रूप से गृहिणियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा सर्वोपरि है और गैस जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शाहपुर विधानसभा के प्रत्येक गांव में निर्धारित समयावधि के भीतर गैस वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती कर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा तथा गैस आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होने तक अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

बैठक में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर,खाद्य आपूर्ति अधिकारी सुरेश, एरिया मैनेजर जागीर सिंह, निरीक्षक रणबीर सिंह सहित विभाग के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Leela Dhar Chauhan

LeelaDhar Chauhan (9459200288) MD/Chief Admin AAS 24news email-leeladhar9@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *