राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग में ‘भारत स्काउट एंड गाइड’ के त्रिदिवसीय शिविर के तहत कैंप फायर रात्रि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल थुनाग-लंबाथाच के प्रधान पुष्प राज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में पहुँचने पर जिला संगठन आयुक्त देवकीनन्दन तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य केसर सिंह ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्य अतिथि पुष्प राज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, “इस तरह के शिविर का हिस्सा बनकर बचपन की सुनहरी यादें ताजा हो गईं और बेहद खुशी का अनुभव हुआ।” उन्होंने शिविर के सफल संचालन व प्रोत्साहन स्वरूप आयोजन समिति को ₹10,000 की सहयोग राशि प्रदान की।
जिला संगठन आयुक्त देवकीनन्दन ने शिविर की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में क्षेत्र की 5 तहसीलों के 33 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड जैसे प्रशिक्षण शिविरों से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल का स्वाभाविक विकास होता है, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होता है।
कैंप फायर के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी उपस्थित अतिथियों व शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

