गोहर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर घायल अवस्था में एसपी मंडी से मिले पीड़ित दंपति
डीआईजी तक भी पहुंची पुलिसिया सुस्ती और संवादहीनता की शिकायत
सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव व पंचायत परवाडा में एक दंपति पर डंडों व पत्थरों से जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। गोहर थाना पुलिस पर मामले में कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित भूपेंद्र पाल ने अपनी पत्नी सहित जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत, गांव व डाकघर परवाडा निवासी भूपेंद्र पाल (32 वर्ष) द्वारा एसपी मंडी को सौंपे गए शिकायत पत्र और थाना गोहर में दर्ज एफआईआर (संख्या 0094/2026) के अनुसार, घटना बीते 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 4:00 से 4:30 बजे की है। भूपेंद्र पाल अपनी पत्नी गीतांजलि के साथ अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी कृष्णा देवी ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि कृष्णा देवी ने भूपेंद्र का गला पकड़ा और कपड़े फाड़ दिए, जबकि महेंद्र सिंह ने उन पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में भूपेंद्र का सिर फट गया और वह बेहोश हो गए, वहीं बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। घायल अवस्था में भूपेंद्र को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बगस्याड ले जाया गया जहां उनके उपचार के दौरान सिर पर 16 टांके लगाए गए हैं।

क्रॉस एफआईआर और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि जब वह बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती थे, तब आरोपी महेंद्र सिंह ने गोहर थाने जाकर उल्टा उन्हीं के और उनकी पत्नी के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करवा दी। होश आने पर भूपेंद्र पाल ने भी अस्पताल पहुंची पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया, जिसके आधार पर गोहर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पीड़ित दंपति ने एसपी मंडी को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गोहर पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है और कह रहा है कि “मैं जेल काट लूंगा, मगर तुझे व तेरे परिवार को नहीं छोडूंगा”। साथ ही दूसरी बिरादरी का होने का हवाला देकर गांव में रहना मुश्किल करने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच, झूठी शिकायत को रद्द करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक मंडी का पक्ष
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी विनोद कुमार ने पुष्टि की है कि घायल पीड़ित ने उनसे मुलाकात की थी। पीड़ित के सिर पर लगी चोट और मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी (एसएचओ) गोहर को मामले में उचित एवं आवश्यक कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
DIG ने दिया तालमेल सुधारने का आश्वासन
सराज क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली, पत्रकारों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के फोन समय पर न उठाने तथा मामलों से जुड़ी सही जानकारी न मिल पाने की समस्या को लेकर जब डीआईजी मंडी राहुल नाथ से विस्तारपूर्वक बातचीत की गई, तो उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लिया। डीआईजी ने आश्वासन दिया कि जनहित और पारदर्शिता के लिए पुलिस तथा पत्रकारों के बीच बेहतर आपसी तालमेल होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में एसपी मंडी को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि संवादहीनता की स्थिति न बने और मीडिया व आमजन को सही समय पर पुख्ता जानकारी मिल सके।
