कुल्लू बस अड्डे के पास एक भेड़ पालक की जेब से ₹2 लाख की नकदी झपटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,03,000 की नकदी बरामद कर ली है, जबकि शेष राशि की रिकवरी के प्रयास जारी हैं।
भेड़ें बेचकर मिले थे पैसे
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति भेड़ पालन का कार्य करता है। उसने हाल ही में डोभी जोत में अपनी 120 भेड़ों में से 15 भेड़ें नग्गर निवासी एक व्यक्ति को ₹2 लाख में बेची थीं।
पीड़ित ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह कुल्लू बस अड्डे से खोरी रोपा की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान सरकारी स्कूल खोरी रोपा के समीप दो युवतियों ने उसे रोका और उसकी ऊनी हाफ जैकेट की जेब में रखे ₹2 लाख झपटकर मौके से फरार हो गईं।
सीसीटीवी और साक्ष्यों से हुई पहचान
वारदात की सूचना मिलते ही कुल्लू सदर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने साक्ष्यों और हुलिए के आधार पर दोनों युवतियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ₹1,03,000 नकद बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि बाकी बची रकम की बरामदगी की जा सके। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से छानबीन कर रही है।
