राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाची में आयोजित अंडर-19 बालकों की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के सदस्य बिजय पाल सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विद्यालय परिसर पहुंचने पर स्थानीय अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जबकि विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया।
मोबाइल और नशे के दुष्प्रभावों पर जताई चिंता
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिजय पाल सिंह ने छात्र वर्ग में बढ़ती मोबाइल की लत और नशे के प्रभाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों के भविष्य के लिए घातक साबित हो रहा है। उन्होंने छात्रों से वर्चुअल गेमिंग को छोड़कर खेल मैदानों में पसीना बहाने, नियमित पढ़ाई करने और माता-पिता व गुरुजनों के मार्गदर्शन में अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया।

सराज क्षेत्र में विकास और शिक्षा के मुद्दों पर विचार
बिजय पाल सिंह ने क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि वे बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के सामाजिक सरोकार के साथ जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने लम्बाथाच, छतरी और गाड़ागुसैणी कॉलेजों का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र से मुख्यमंत्री रहने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में लोगों को मंडी और कुल्लू जाना पड़ता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा जंजैहली और बालीचौकी में सीबीएसई स्कूल खोलने और वहां शिक्षकों की तैनाती के निर्णय की सराहना की। साथ ही भरोसा दिलाया कि उच्च शिक्षा में छात्रों के दाखिले से जुड़ी समस्याओं का वे व्यक्तिगत स्तर पर समाधान करेंगे और स्कूलों की बुनियादी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल कांग्रेस अध्यक्ष टेक सिंह, विक्की ठाकुर और राम सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
